Crime National

फरीदाबाद में डॉक्टर निकला आतंकी मददगार, घर से 350 किलो विस्फोटक और हथियार बरामद

हरियाणा के फरीदाबाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ा आतंकी नेटवर्क बेनकाब हुआ है। पुलवामा निवासी डॉक्टर मुजम्मिल शकील के किराए के घर से 350 किलो अमोनियम नाइट्रेट, दो असॉल्ट राइफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी और 20 टाइमर बरामद किए गए हैं।

पुलिस का मानना है कि यह विस्फोटक सामग्री बड़े हमले की तैयारी का हिस्सा थी। डॉ. मुजम्मिल अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में कार्यरत था और बीते कुछ महीनों से धौज गांव में किराए पर रह रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि उसका संपर्क कश्मीर के डॉ. आदिल अहमद राथर से था, जो पहले ही जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ाव के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।

आदिल की पूछताछ में ही मुजम्मिल का नाम सामने आया, जिसके बाद छापेमारी की गई। फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता के अनुसार बरामद रासायनिक पदार्थ अमोनियम नाइट्रेट है, जो आईईडी बनाने में इस्तेमाल होता है। फिलहाल केंद्रीय एजेंसियां इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी हैं। यह खुलासा इस बात का संकेत है कि आतंकी संगठन अब शिक्षित पेशेवरों को भी अपने नेटवर्क में शामिल कर रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।