वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहले अपने विवादित बयान के कारण वह चर्चा में रहे, अब उनके आश्रम को लेकर एक भक्त ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। उत्तर प्रदेश के ललितपुर के निवासी बबलू ने गौरी गोपाल आश्रम प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि आश्रम प्रशासन ने उनकी निजी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे उनका सम्मान ठेस पहुंचा। बबलू का कहना है कि उन्होंने कई महीनों तक वीडियो हटाने का अनुरोध किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हाल ही में जब बबलू अपनी पत्नी के साथ आश्रम पहुँचे, तो उन्होंने दावा किया कि सुरक्षाकर्मियों ने उनकी पत्नी के साथ अभद्रता की और उन्हें धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है और मामले में जल्द हस्तक्षेप की अपील की है। इस मामले में आश्रम की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अनिरुद्धाचार्य पहले भी विवादों में रह चुके हैं। कुछ महीनों पहले उन्होंने अपने कार्यक्रम में महिलाओं और लड़कियों के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने नाबालिग लड़कियों की शादी को लेकर विवादित विचार व्यक्त किए थे। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और देशभर में आलोचना हुई। महिला आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया था।
कथावाचक की लोकप्रियता और विवादों का सिलसिला लगातार जारी है। उनके वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनते हैं, कभी मनोरंजन का और कभी विवाद का कारण। अब आश्रम प्रशासन के खिलाफ लग रहे आरोप उनके लिए और परेशानी खड़ी कर सकते हैं









