Maharashtra National

नागपुर में RSS मुख्यालय के पास विस्फोटक मिलने से हड़कंप, शहर में हाई अलर्ट

महाराष्ट्र के नागपुर में Rashtriya Swayamsevak Sangh मुख्यालय के नजदीक विस्फोटक सामग्री मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है, जबकि बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, नागपुर के सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक के पास एक घर के छोटे से गार्डन में संदिग्ध बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें से 15 जिलेटिन स्टिक, 50 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए। मंगलवार सुबह घर के मालिक ने इस बैग को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस ने विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह सामग्री पिछले एक से डेढ़ महीने से वहां पड़ी हो सकती है। साथ ही, इसका संबंध हाल ही में काटोल क्षेत्र में हुई एक विस्फोटक कंपनी के हादसे से भी जोड़ा जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहां धार्मिक स्थल और आरएसएस मुख्यालय नजदीक स्थित हैं। नागपुर पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोटक किसने और किस उद्देश्य से यहां रखा था।