National

बिना क्लेम PF पैसा सीधे खाते में, EPFO ला रहा ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन Employees’ Provident Fund Organisation (EPFO) जल्द ही एक नई ऑटो-सेटलमेंट सुविधा शुरू करने जा रहा है, जिससे लाखों खाताधारकों को बड़ी राहत मिलेगी। इस नई व्यवस्था के तहत लंबे समय से निष्क्रिय पड़े पीएफ खातों की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, वह भी बिना किसी क्लेम प्रक्रिया के।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन खातों को साफ करना है, जिनमें वर्षों से पैसा जमा है लेकिन खाताधारकों ने उसे निकाला नहीं है। आधार से सत्यापित करीब 81 लाख निष्क्रिय खातों में लगभग 5,200 करोड़ रुपये फंसे हुए हैं, जिन्हें अब सीधे संबंधित व्यक्तियों तक पहुंचाने की योजना है।

EPFO के आंकड़ों के अनुसार, बड़ी संख्या में ऐसे खाते भी हैं जिनमें लाखों रुपये जमा हैं। इनमें कुछ खातों में 5 लाख रुपये से अधिक, जबकि कई में 1 से 5 लाख रुपये तक की राशि पड़ी है। शुरुआती चरण में छोटे बैलेंस वाले खातों—विशेषकर 1,000 रुपये तक—का ऑटो-सेटलमेंट शुरू किया जाएगा।

यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जो रिटायर हो चुके हैं या जिन्होंने नौकरी बदलने के बाद अपने पीएफ खाते को अपडेट नहीं किया। कई बार लोग जानकारी के अभाव में या प्रक्रिया की जटिलता के कारण पैसा नहीं निकाल पाते, जिससे रकम वर्षों तक पड़ी रहती है।

गौरतलब है कि EPFO उन खातों को निष्क्रिय मानता है, जिनमें लंबे समय तक कोई योगदान नहीं होता और जिन पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद, ऐसे खातों का निपटान अपने आप हो जाएगा और लोगों को उनका हक बिना किसी परेशानी के मिल सकेगा।