दिवाली से पहले नौकरीपेशा लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. Aon की ताज़ा रिपोर्ट ‘Annual Salary Increase and Turnover Survey 2024-25 India’ के मुताबिक, भारत में 2026 में औसतन 9% तक सैलरी बढ़ने की संभावना है. यह बढ़ोतरी 2025 की तुलना में थोड़ी अधिक होगी, जब औसतन 8.9% वेतन वृद्धि देखी गई थी. रिपोर्ट बताती है कि ग्लोबल स्लोडाउन के बावजूद भारत की मजबूत खपत, निवेश और सरकार की नीतियों की वजह से वेतन वृद्धि का ट्रेंड सकारात्मक बना हुआ है.
रिपोर्ट के अनुसार, रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में 10.9% तक सैलरी ग्रोथ हो सकती है, जबकि NBFC सेक्टर में यह बढ़ोतरी करीब 10% तक पहुंच सकती है. ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग डिजाइन, रिटेल और लाइफ साइंसेज में भी 9.6% तक की वृद्धि की उम्मीद है.
सर्वे में यह भी सामने आया कि नौकरी छोड़ने की दर (Attrition Rate) में भी कमी आ रही है—2023 में यह 18.7% थी जो 2025 तक घटकर 17.1% रहने का अनुमान है. इसका मतलब है कि कर्मचारियों में स्थिरता बढ़ी है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कंपनियां अब अपस्किलिंग और टैलेंट रिटेंशन पर ज़ोर दे रही हैं, जिससे भविष्य में कर्मचारियों को और भी बेहतर अवसर मिल सकते हैं.









