Technology

Elon Musk का बड़ा दांव: X पर टॉप आर्टिकल लिखने पर मिलेंगे 1 मिलियन डॉलर

एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X ने लेखकों और क्रिएटर्स के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने “टॉप लॉन्ग-फॉर्म आर्टिकल” के लिए 1 मिलियन डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) के इनाम की घोषणा की है। यह प्रतियोगिता जनवरी 2026 में सीमित समय के लिए आयोजित की जाएगी। X का कहना है कि वह प्लेटफॉर्म पर गहरे, प्रभावशाली और चर्चा को दिशा देने वाले लेखन को फिर से बढ़ावा देना चाहता है। X के मुताबिक, अगले पेआउट पीरियड में जो लॉन्ग-फॉर्म आर्टिकल सबसे बेहतरीन होगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा।

कब और कौन ले सकता है हिस्सा
यह प्रतियोगिता 16 जनवरी 2026 से शुरू होकर 28 जनवरी 2026 तक चलेगी। फिलहाल यह केवल अमेरिका में मौजूद यूजर्स के लिए होगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए लेख पूरी तरह मौलिक होना चाहिए और कम से कम 1,000 शब्दों का होना जरूरी है। विजेता का चयन X की Verified Home Timeline पर मिलने वाले इम्प्रेशंस और परफॉर्मेंस के आधार पर किया जाएगा।

शर्तें और नियम
X ने स्पष्ट किया है कि लेख में नफरत फैलाने वाला, भ्रामक, धोखाधड़ी वाला या भड़काऊ कंटेंट नहीं होना चाहिए। अश्लील सामग्री, गलत जानकारी या किसी व्यक्ति अथवा संस्था को बदनाम करने वाले लेख अमान्य होंगे। प्लेज़रिज़्म पूरी तरह प्रतिबंधित है। साथ ही, AI या ऑटोमेटेड टूल्स से तैयार या उनकी मदद से लिखे गए लेखों को भी अयोग्य ठहराया जा सकता है।