AI की दुनिया में कानूनी जंग तेज हो गई है। टेस्ला और X के मालिक एलन मस्क ने OpenAI और Microsoft पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए 79 से 134 बिलियन डॉलर (करीब 11 लाख करोड़ रुपये) तक हर्जाने की मांग की है। मामला अब ज्यूरी ट्रायल की ओर बढ़ चुका है।
मस्क का आरोप है कि OpenAI को उन्होंने मानवता के हित में काम करने वाली नॉन-प्रॉफिट संस्था के तौर पर सह-स्थापित किया था, लेकिन बाद में कंपनी ने माइक्रोसॉफ्ट के साथ मुनाफे की साझेदारी कर अपने मूल सिद्धांतों से समझौता किया। कोर्ट में दाखिल दस्तावेजों के मुताबिक, वित्तीय विशेषज्ञों ने OpenAI की मौजूदा वैल्यूएशन के आधार पर नुकसान का आकलन किया है, जिसमें मस्क के निवेश के साथ उनके तकनीकी और व्यावसायिक योगदान को भी जोड़ा गया है।
वहीं OpenAI ने मस्क के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। कंपनी का कहना है कि यह मुकदमा दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है। ChatGPT के लॉन्च के बाद से मस्क लगातार OpenAI की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल केस के आगे बढ़ने के साथ AI इंडस्ट्री में यह विवाद और बड़ा रूप ले सकता है।









