कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर परवाणू के पास चंडीगढ़ से शिमला जा रही एचआरटीसी की चलती बस के आगे हाई-वोल्टेज तार गिर गई. बिजली की तार गिरने से बस के अगले दोनों टायर फट गए. बस को रोककर जैसे ही ड्राइवर समेत एक अन्य व्यक्ति बाहर निकले तो अचानक उन्हें भी झटका लग गया. इसमें से एक व्यक्ति तार की चपेट में आ गया और झुलसने से उस व्यक्ति की मौत हो गई.
बता दें कि हादसा देर रात को हुआ है. एचआरटीसी की बस चंडीगढ़ से शिमला जा रही थी. जैसे ही बस परवाणू के पास पहुंची तो अचानक बस के आगे हाई-वोल्टेज तार गिर गई. एचआरटीसी के रीजनल मैनेजर राम दयाल ने बताया कि जैसे ही व्यक्ति बस से उतरा, उसका पाँव बिजली के तार पर आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, बिजली विभाग को तत्काल तार हटाने के निर्देश दिए गए हैं.








