National

अमेरिका के 8 सांसदों और न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी ने उमर खालिद की रिहाई की मांग उठाई

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के पूर्व छात्र और सोशल एक्टिविस्ट उमर खालिद को लंबे समय से जेल में रखा गया है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी रिहाई की मांग जोर पकड़ रही है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने उमर खालिद को पत्र लिखा, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, अमेरिका के आठ सांसदों ने भारत सरकार को एक संयुक्त पत्र भेजकर उनसे अपील की कि उमर खालिद को अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप जमानत दी जाए और निष्पक्ष सुनवाई हो। सांसद जिम मैकगवर्न और जेमी रैस्किन के नेतृत्व में भेजे गए इस पत्र में सांसदों ने सवाल उठाया कि UAPA के तहत उमर खालिद की पांच साल से अधिक गिरफ्तारी कैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। उन्होंने यह भी पूछा कि इतने लंबे समय तक मुकदमा क्यों शुरू नहीं हुआ।

सांसदों ने उमर के माता-पिता से वॉशिंगटन में मुलाकात की और कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत उनका न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत हैं। उमर खालिद को सितंबर 2020 में दिल्ली दंगों से जुड़े कथित साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने उनकी नियमित जमानत याचिकाएं खारिज की हैं, हाल ही में उन्हें अल्पकालिक पारिवारिक कारणों से रिहाई मिली थी।