Chhattisgarh National

छत्तीसगढ़ में भारतमाला घोटाले पर ED की बड़ी कार्रवाई, 9 ठिकानों पर छापेमारी

छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार सुबह रायपुर और महासमुंद में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत की गई।

मामले में आरोप है कि जमीन की असली कीमत और मुआवजा राशि में भारी अंतर दिखाकर कुछ व्यक्तियों को अवैध लाभ पहुंचाया गया। ED की टीमों ने रायपुर में जमीन कारोबारी हरमीत खनुजा और उनके सहयोगियों के ठिकानों की जांच की। साथ ही उन जमीन मालिकों के परिसरों की भी तलाशी ली गई, जिनकी संपत्ति इस कॉरिडोर के लिए अधिग्रहित की गई थी।

महासमुंद में एजेंसी की टीमें व्यवसायी जसबीर सिंह बग्गा के घर पहुंची और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच छापेमारी की। पूरे इलाके में तनाव का माहौल रहा। ED दस्तावेज, बैंक लेन-देन और संपत्ति रिकॉर्ड खंगाल रही है। भारतमाला परियोजना देशभर में हाईवे, एक्सप्रेसवे और आर्थिक गलियारों के निर्माण के लिए सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में लगी है कि मुआवजा भुगतान और जमीन मूल्यांकन में गड़बड़ी कैसे हुई और इसमें कौन शामिल था। आधिकारिक बयान अभी नहीं आया है।