Lifestyle

LPG की कमी से बढ़ी इलेक्ट्रिक किचन उपकरणों की मांग, 24 घंटे में 20 गुना बढ़ी बिक्री

ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के कारण दुनिया भर में गैस सप्लाई पर असर पड़ रहा है और इसका प्रभाव भारत में भी दिखाई देने लगा है। कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों के बीच लोगों ने अब खाना बनाने के लिए इलेक्ट्रिक किचन उपकरणों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। खासकर इंडक्शन कुकटॉप की मांग पिछले कुछ दिनों में तेजी से बढ़ गई है और यह लोगों के लिए किचन का नया बैकअप प्लान बनकर उभरा है।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इसकी भारी मांग देखने को मिल रही है। Blinkit, Swiggy Instamart और Zepto जैसे क्विक डिलीवरी ऐप्स पर इंडक्शन कुकटॉप पर छूट दी जा रही है, लेकिन बढ़ती मांग के कारण कई मॉडल आउट ऑफ स्टॉक हो चुके हैं। वहीं Amazon पर पिछले 24 घंटों में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री करीब 20 गुना तक बढ़ने की खबर है, जबकि Flipkart पर भी पिछले कुछ दिनों में इसकी बिक्री कई गुना बढ़ गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि एलपीजी के अलावा भी खाना बनाने के कई किफायती विकल्प मौजूद हैं। इंडक्शन कुकटॉप के अलावा इलेक्ट्रिक राइस कूकर और इलेक्ट्रिक केतली जैसे उपकरण भी गैस-फ्री किचन के अच्छे विकल्प बन सकते हैं। इन उपकरणों से खाना जल्दी बनता है और कई मामलों में इनकी मासिक लागत एलपीजी सिलेंडर की तुलना में कम पड़ सकती है। ऐसे में गैस सप्लाई की अनिश्चितता के बीच इलेक्ट्रिक किचन उपकरणों की बढ़ती लोकप्रियता यह संकेत दे रही है कि आने वाले समय में भारत में गैस-फ्री या हाइब्रिड किचन सिस्टम का चलन और तेजी से बढ़ सकता है।