संयुक्त अरब अमीरात ने नए साल 2026 का स्वागत ऐसा तरीके से किया कि पूरी दुनिया के लोग हैरान रह गए। अबू धाबी से लेकर दुबई, शारजाह और रास अल खैमाह तक हर जगह रंग-बिरंगी रोशनी, ड्रोन और आतिशबाज़ी ने रात के आसमान को रोशन कर दिया। इस वर्ष का जश्न केवल उत्सव नहीं, बल्कि इतिहास बनाने जैसा रहा। अबू धाबी के अल वथबा में आयोजित शेख ज़ायद फेस्टिवल का न्यू ईयर कार्यक्रम सबसे आकर्षक था। एक घंटे से अधिक समय तक चले आतिशबाज़ी शो ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान पांच गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को एक साथ हासिल करने की कोशिश की गई। रात 8 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में 62 मिनट तक लगातार आतिशबाज़ी का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
सबसे बड़ा आकर्षण रहा दुनिया का सबसे बड़ा ड्रोन शो। लगभग 6,500 ड्रोन ने 20 मिनट तक आसमान में उड़ान भरी और नौ विशाल कलात्मक आकृतियां बनाई। इनमें फीनिक्स जैसी आकृति भी शामिल थी, जिसे अब तक का सबसे बड़ा एरियल डिस्प्ले माना जा रहा है। दुबई में 40 से अधिक स्थानों पर 48 से ज्यादा आतिशबाज़ी शो आयोजित किए गए। बुर्ज खलीफा, बुर्ज अल अरब, दुबई फ्रेम और एक्सपो सिटी जैसे प्रमुख स्थल रोशनी और उत्साह से जगमगाए। ब्लूवॉटर और जेबीआर बीच पर भी खास ड्रोन शो ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रास अल खैमाह में भी रिकॉर्ड का प्रयास देखने को मिला। यहां अल मरजान से अल हमरा आइलैंड तक फैले 6 किलोमीटर के क्षेत्र में 2,300 से अधिक ड्रोन, लेज़र और आतिशबाज़ी का शानदार प्रदर्शन हुआ। आधी रात को दुनिया का सबसे बड़ा फायरवर्क शेल छोड़ा गया, जो इस जश्न को अविस्मरणीय बना गया। UAE का यह नया साल समारोह केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि तकनीक और नवाचार में नए मानक स्थापित करने वाला साबित हुआ।









