National

ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नियम हुए सख्त, टेस्ट से पहले 3 घंटे की वीडियो क्लास अनिवार्य

तेलंगाना में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया को अब और सख्त कर दिया गया है। राज्य परिवहन विभाग ने स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों के लिए ड्राइविंग टेस्ट से पहले तीन घंटे के सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े वीडियो देखना अनिवार्य कर दिया है। वीडियो देखने के बाद ही आवेदक को ड्राइविंग ट्रैक टेस्ट देने की अनुमति मिलेगी।

परिवहन विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। साथ ही, बिचौलियों की भूमिका कम करने और ड्राइविंग टेस्ट में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाने की भी कोशिश की जा रही है।

फिलहाल यह व्यवस्था कुकटपल्ली आरटीओ कार्यालय में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की गई है। आवेदकों के लिए यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि उन्होंने निर्धारित वीडियो वास्तव में देखे हैं। इसके लिए सरकार ने संबंधित मॉड्यूल ऑनलाइन भी उपलब्ध कराए हैं।

मौजूदा प्रक्रिया के तहत पहले लर्निंग लाइसेंस के लिए टेस्ट पास करना होता है। इसके बाद छह महीने के भीतर स्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन किया जा सकता है। ड्राइविंग टेस्ट कोंडापुर, उप्पल, मेडचल, नागोल और इब्राहिमपटनम समेत निर्धारित केंद्रों पर आयोजित किए जाते हैं। टेस्ट में सफल आवेदकों को योग्य घोषित किया जाएगा और कुछ दिनों के भीतर ड्राइविंग लाइसेंस डाक के जरिए घर भेज दिया जाएगा। असफल होने पर दोबारा प्रक्रिया पूरी करनी होगी।