कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा डॉ. मनमोहन सिंह का शव ,कल होगा अंतिम संस्कार

भारत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह नहीं रहे। 92 साल की उम्र में उनका दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कल सुबह (28 दिसंबर) कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा. दस बजे के बाद राजघाट के पास उनका अंतिम संस्कार हो सकता है.

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश भर में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. इस अवधि के दौरान, भारत में उन सभी स्थानों पर जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है वहां तिरंगा आधा झुका रहेगा और राष्ट्रीय शोक की अवधि के दौरान आधिकारिक रूप से कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होंगे.

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धांजलि दी. वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी भी मनमोहन सिंह के आवास पर अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे हैं. वहीं आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने भी मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया.

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, “मनमोहन सिंह ने भारतीय राजनीति में बहुत बड़ा योगदान दिया है. उन्होंने आर्थिक सामाजिक क्षेत्र में बड़े बदलाव किए. देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा. प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए उन्होंने देश की आर्थिक सामाजिक प्रगति में योगदान दिया. समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए उनके योगदान को याद रखा जाएगा. उनका जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है… उन्होंने ईमानदारी से काम किया… उनके परिवार के लिए मेरी गहरी संवेदना है. उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिले…”

error: Content is protected !!