Lifestyle

ट्रेन में मोबाइल चोरी या खो जाए तो घबराएँ नहीं, तुरंत करें ये काम

हर रोज करोड़ों लोग ट्रेन से सफर करते हैं, लेकिन कई बार सफर के दौरान लोगों का मोबाइल फोन चोरी हो जाता है या कहीं खो जाता है। ऐसे समय में घबराना बिल्कुल भी सही नहीं है। सबसे जरूरी काम है फोन का डेटा सुरक्षित करना, ताकि आपकी निजी जानकारी, जैसे फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट्स और बैंकिंग ऐप्स किसी गलत हाथ में न जाए।

अगर आपका मोबाइल चोरी हो जाए या ट्रेन में कहीं छूट जाए, तो सबसे पहले मोबाइल नंबर ब्लॉक करवाएँ और Sanchar Saathi ऐप की मदद से फोन का IMEI नंबर ब्लॉक करें। IMEI ब्लॉक होने के बाद फोन किसी भी नेटवर्क पर काम नहीं करेगा, जिससे आपके बैंकिंग ऐप्स और अन्य संवेदनशील जानकारी सुरक्षित रहेंगे। फोन मिल जाने पर आप Sanchar Saathi की साइट के जरिए फोन को अन-ब्लॉक भी कर सकते हैं।

फोन मिलने की संभावना न होने पर आप Google Find My Device (android.com/find) या iCloud (icloud.com/find) के जरिए अपने फोन को रिमोटली फॉर्मेट कर सकते हैं। इसके लिए उस अकाउंट से लॉगिन करें जो आपके फोन में पहले इस्तेमाल हो रहा था और Erase Device ऑप्शन चुनें। इससे आपका सारा डेटा डिलीट हो जाएगा और कोई भी इसे इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रेन या यात्रा के दौरान फोन चोरी या खो जाने की स्थिति में तुरंत ये कदम उठाने से न सिर्फ आपका डेटा सुरक्षित रहता है, बल्कि बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी भी सुरक्षित रहती है।