Delhi National

DJB टेंडर घोटाला: ED ने पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन सहित 14 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की दिल्ली जोनल ऑफिस ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के बहुचर्चित टेंडर घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 व्यक्तियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। आरोपियों में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन, उस समय के DJB सीईओ उदित प्रकाश राय, बोर्ड के पूर्व सदस्य अजय गुप्ता, पूर्व मुख्य इंजीनियर सतीश चंद्र वशिष्ठ और कई निजी कंपनियों से जुड़े लोग शामिल हैं। यह मामला DJB के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स से जुड़ी चार महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं के टेंडर में की गई कथित हेराफेरी से संबंधित है।

ED की जांच दिल्ली सरकार की एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) की उन FIR पर आधारित है जिनमें आरोप लगाया गया था कि Euroteck Environmental Pvt Ltd (EEPL) को 10 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स की अपग्रेडेशन परियोजनाओं में भारी लाभ पहुंचाया गया। जांच में सामने आया कि EEPL के एमडी राजकुमार कुर्रा ने DJB अधिकारियों और निजी व्यक्तियों की मिलीभगत से टेंडर की शर्तों को इस तरह बदला कि केवल EEPL ही तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा कर सके।

कथित रूप से 6.73 करोड़ रुपये की रिश्वत फर्जी इनवॉइस, एडवांस पेमेंट और हवाला के जरिए दी गई, जबकि EEPL को लगभग 9.96 करोड़ रुपये का अवैध लाभ मिला। कुल मिलाकर 17.70 करोड़ रुपये को मनी लॉन्ड्रिंग के तौर पर चिन्हित किया गया है। ED ने 15.36 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी अस्थायी रूप से अटैच कर दी हैं।