National Religion

रथ यात्रा की तारीख को लेकर विवाद गहराया, पुरी जगन्नाथ मंदिर और ISKCON आमने-सामने

ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर प्रशासन और इस्कॉन के बीच रथ यात्रा और स्नान यात्रा की तिथियों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंदिर प्रशासन ने आरोप लगाया है कि इस्कॉन पारंपरिक और शास्त्रीय तिथियों का पालन किए बिना अलग-अलग स्थानों पर रथ यात्रा और स्नान यात्रा आयोजित कर रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) का कहना है कि यह परंपरा सदियों पुरानी है और इसे निर्धारित कैलेंडर के अनुसार ही मनाया जाना चाहिए। प्रशासन ने दावा किया है कि इस्कॉन ने पहले आश्वासन दिया था कि वह वैश्विक स्तर पर तय कैलेंडर का पालन करेगा, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर निर्धारित तिथियों से अलग आयोजन किए गए।

मामले को लेकर गजपति महाराजा दिब्य सिंहदेव की अध्यक्षता में हुई बैठक में गंभीर चिंता जताई गई है। मंदिर प्रशासन ने यह भी कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को इस स्थिति से अवगत कराया है और यदि विवाद नहीं सुलझा तो कानूनी कार्रवाई और अदालत का सहारा लिया जा सकता है। प्रशासन ने 2026-27 के लिए धार्मिक कैलेंडर भी जारी किया है और दुनिया भर के जगन्नाथ मंदिरों से अपील की है कि प्रमुख त्योहारों को निर्धारित तिथियों के अनुसार ही मनाया जाए।