कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने CWC बैठक शुरू होने से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें मोदी लालकृष्ण आडवाणी के पैरों के पास बैठे दिखाई दे रहे हैं। दिग्विजय ने लिखा, “RSS का जमीनी स्वयंसेवक और बीजेपी का जमीनी कार्यकर्ता नीचे बैठकर सीएम और पीएम बना… यह संगठन की शक्ति है।”
इस पोस्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए कि क्या दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेतृत्व को अप्रत्यक्ष रूप से नसीहत दे रहे हैं या संगठन में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की कमी पर कटाक्ष कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने इस पोस्ट में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और नरेंद्र मोदी को भी टैग किया, जिससे राजनीतिक पारा और चढ़ गया। पोस्ट की टाइमिंग भी महत्वपूर्ण थी, क्योंकि इसे CWC बैठक के दौरान साझा किया गया।
यह कोई पहला मौका नहीं है जब दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व को संकेत दिया हो। 19 दिसंबर को उन्होंने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस को सुधारों की जरूरत है और संगठन में अधिक व्यावहारिक और विकेंद्रीकृत कार्यप्रणाली अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने लिखा था कि कांग्रेस पर ध्यान देना अब समय की आवश्यकता है और संगठन सुधारों के बिना मजबूत नहीं बन सकता।










