बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही फिल्म ‘धुरंधर 2’ अब विवादों में घिर गई है। रिलीज के 15 दिन बाद भी फिल्म का क्रेज बरकरार है, लेकिन इसी बीच इसकी कहानी को लेकर कॉपी का आरोप सामने आया है। फिल्ममेकर संतोष कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि ‘धुरंधर 2’ की कहानी उनकी 2023 में आई फिल्म ‘डी साहब’ से मिलती-जुलती है। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी स्क्रिप्ट पहले ही स्क्रीनराइटर एसोसिएशन में रजिस्टर कराई थी, लेकिन मेकर्स ने उसमें बदलाव कर अपनी फिल्म बना ली।
वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक निर्देशक आदित्य धर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए संतोष कुमार को लीगल नोटिस भेजा है और बेबुनियाद दावे बंद करने को कहा है। हालांकि, संतोष कुमार का दावा है कि उन्हें कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला, बल्कि सिर्फ ई-मेल के जरिए जवाब दिया गया है। फिल्म से जुड़े सूत्रों ने भी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा है कि ‘धुरंधर 2’ की कहानी पूरी तरह ओरिजिनल है। उनके मुताबिक, आदित्य धर ने अपनी स्क्रिप्ट सितंबर 2023 में रजिस्टर कराई थी, जबकि संतोष कुमार की स्क्रिप्ट नवंबर 2023 में दर्ज हुई थी। फिलहाल, यह विवाद इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है और मामला आगे कानूनी रूप ले सकता है।









