बागेश्वर धाम के प्रमुख आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री देशभर में हिंदू राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से यात्राएं कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने हिंदुओं को सचेत किया कि अगर आज एकजुट नहीं हुए, तो भविष्य में भारत में बांग्लादेश जैसी परिस्थितियां देखने को मिल सकती हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ते हमलों और उत्पीड़न की पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत में ऐसी स्थिति कभी भी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी हिंदुओं को आपसी मतभेद भूलकर एकजुट होना होगा। उनका कहना था कि देश की शांति और समृद्धि के लिए यह बेहद जरूरी है।
आचार्य ने धर्मांतरण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने इसे समाज के लिए कैंसर से भी अधिक खतरनाक बताया और कहा कि भारत में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि धर्मांतरण कराने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और हिंदू समुदाय को इसके दुष्प्रभाव से बचाया जाए।
बांग्लादेश में हाल ही में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास को कथित ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने वहां के अन्य हिंदुओं में भी भय पैदा किया है। भारत में भी कई हिंदू संगठनों ने इस पर विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित प्रशासन तथा बांग्लादेश सरकार से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि उनकी यात्राएं तब तक जारी रहेंगी जब तक भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया जाता, और उन्होंने सभी हिंदुओं से अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।









