धर्मेंद्र प्रधान बने बीजेपी के बिहार चुनाव प्रभारी, केशव प्रसाद मौर्य और सीआर पाटिल सह प्रभारी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन में अहम जिम्मेदारियों का बंटवारा किया है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को नियुक्तियों का ऐलान किया।

बिहार विधानसभा चुनाव की कमान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी गई है, जिन्हें प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को प्रदेश चुनाव सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।

पश्चिम बंगाल में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ लोकसभा सांसद बिप्लब कुमार देब को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इन नियुक्तियों की आधिकारिक पुष्टि की है और बताया कि ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नियुक्तियों का मकसद संगठन को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनावों में रणनीति को धार देना है।

बिहार में वर्तमान में एनडीए की सरकार है और 2020 के चुनाव में बीजेपी ने 74 सीटें जीती थीं। पार्टी इस बार रिकॉर्ड संख्या में सीटों पर जीत दर्ज करने की योजना बना रही है। बंगाल में भी बीजेपी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 77 सीटों पर जीत हासिल की थी।

error: Content is protected !!