Religion

धनतेरस 2025: कब है त्योहार, क्या है शुभ मुहूर्त और धार्मिक महत्व? जानिए पूरी जानकारी

धनतेरस का पर्व हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है. यह दिन दीपावली उत्सव की शुरुआत का प्रतीक होता है और इस दिन भगवान धनवंतरि के प्रकट होने की मान्यता है, जिनका संबंध आयुर्वेद और स्वास्थ्य से है. इसी कारण इसे धन्वंतरि जयंती भी कहा जाता है. इस साल धनतेरस 2025 में दो दिन त्रयोदशी तिथि पड़ रही है, जिससे लोगों में थोड़ा भ्रम है। पंचांग के अनुसार, त्रयोदशी तिथि 18 अक्टूबर (शनिवार) दोपहर 12:18 बजे से शुरू होकर 19 अक्टूबर (रविवार) दोपहर 1:51 बजे तक रहेगी. लेकिन प्रदोष काल को ध्यान में रखते हुए धनतेरस का पर्व 18 अक्टूबर को ही मनाया जाएगा.

इस दिन सोना-चांदी और नई वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है. अगर आप सोना खरीदना चाहते हैं तो 18 अक्टूबर दोपहर 12:18 बजे से लेकर 19 अक्टूबर सुबह 6:26 बजे तक खरीदारी कर सकते हैं. चांदी खरीदने का शुभ मुहूर्त 19 अक्टूबर सुबह 6:26 बजे से दोपहर 1:51 बजे तक रहेगा. धार्मिक मान्यता है कि धनतेरस पर खरीदी गई वस्तुएं घर में लक्ष्मी और कुबेर की कृपा लाती हैं. झाडू, बर्तन, आभूषण, या सिक्के जैसी वस्तुएं ख़रीदना शुभ होता है. यह दिन न केवल स्वास्थ्य, बल्कि समृद्धि और सौभाग्य के आगमन का प्रतीक है.