National

उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उस समय एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गए जब उनके हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी समस्या आ गई। शनिवार को वे लखनऊ से कौशांबी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में धुआं भरने लगा। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तुरंत आपातकालीन कदम उठाते हुए हेलीकॉप्टर को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री ने लखनऊ के ला मार्ट्स मैदान से कौशांबी के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान शुरू होने के तुरंत बाद केबिन में धुएं जैसी स्थिति दिखाई देने लगी, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए बिना समय गंवाए इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया और हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार दिया।

हेलीकॉप्टर में उपमुख्यमंत्री के अलावा पायलट, एक सहयोगी और एक पीएसओ मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और तकनीकी टीम तुरंत सक्रिय हो गईं और हेलीकॉप्टर की जांच शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी में आयोजित होने वाले ‘सरस महोत्सव’ में शामिल होने के लिए जा रहे थे। वहां उनका पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात और अधिकारियों के साथ बैठक का भी कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसके अलावा वे कुछ विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी करने वाले थे।

फिलहाल अधिकारियों द्वारा हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपमुख्यमंत्री को फिलहाल एयरपोर्ट पर ही रोका गया है, जबकि विशेषज्ञों की टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।