Delhi National

दिल्ली में दम घोंटता प्रदूषण: हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में, 23 इलाके रेड जोन में पहुंचे

राजधानी दिल्ली की हवा एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है. सोमवार सुबह कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है. आनंद विहार का AQI 431 और बवाना का 401 रहा, दोनों “गंभीर (Severe)” श्रेणी में. राजधानी के 23 इलाके रेड जोन में हैं, जहां पिछले तीन दिनों से वायु गुणवत्ता 350 के पार बनी हुई है. इनमें चांदनी चौक, रोहिणी, विवेक विहार, अशोक विहार और वजीरपुर जैसे क्षेत्र शामिल हैं.

कुछ इलाकों में प्रदूषण थोड़ा कम है, जैसे लोधी रोड (267), द्वारका सेक्टर-8 (290) और IGI एयरपोर्ट (257), जबकि नजफगढ़ (173) और अरविंदो मार्ग (149) में हवा “मध्यम” श्रेणी में रही. रविवार के मुकाबले सोमवार को हल्का सुधार देखा गया है—27 की बजाय अब 23 इलाके रेड जोन में हैं. फिर भी, प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, गले में खराश और सांस की दिक्कतें बढ़ रही हैं.

मौसम विभाग ने सोमवार शाम या रात हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है. बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP स्टेज-II लागू कर दिया है. इसके तहत निर्माण कार्यों पर सख्त निगरानी, सड़कों की नियमित सफाई और पानी का छिड़काव अनिवार्य किया गया है, जबकि खुले में कचरा जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.