Delhi National

यहां बनेगी दिल्ली की पहली ‘एजुकेशन सिटी’, DDA करेगा लर्निंग हब का विकास

दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) ने नरेला में 61 एकड़ भूमि पर एक अत्याधुनिक एजुकेशन सिटी विकसित करने की योजना बनाई है. यह परियोजना सेक्टर G-7 और G-8 में तैयार की जाएगी और इसे एक इंटीग्रेटेड लर्निंग कैंपस के रूप में डिजाइन किया जा रहा है. यहां स्कूल, कॉलेज, टेक्निकल और वोकेशनल इंस्टीट्यूट, रिसर्च सेंटर, इनोवेशन हब और फिनिशिंग स्कूल जैसी संस्थाएं एक ही परिसर में मौजूद होंगी.

डीडीए अधिकारियों के अनुसार, इस एजुकेशन सिटी में डिजिटल लर्निंग जोन, मॉडर्न लाइब्रेरी, स्टार्टअप हब्स और रिसर्च स्पेस बनाए जाएंगे ताकि छात्र नई तकनीकों से सीधे जुड़ सकें और उद्योगों की जरूरतों के अनुसार स्किल विकसित कर सकें. इस परियोजना की जमीन 55 साल की लीज पर नीलामी के जरिए दी जाएगी. इसके लिए अनुभवी शिक्षा संस्थानों से आवेदन मांगे गए हैं और EoI जमा करने की आखिरी तारीख 19 नवंबर तय की गई है.

मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली 2021 के तहत विकसित हो रही इस सिटी में 25% भूमि निर्माण के लिए उपयोग होगी, जबकि शेष क्षेत्र हरियाली, खेल और सांस्कृतिक सुविधाओं के लिए सुरक्षित रहेगा. कैंपस में हॉस्टल, गेस्ट हाउस, साइकिल ट्रैक, EV चार्जिंग स्टेशन और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बेहतर कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं भी होंगी. उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने कहा कि नरेला को सिर्फ रिहायशी नहीं बल्कि एक नए विकास केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है, जहां एजुकेशन सिटी के साथ कोर्ट, होटल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स भी स्थापित किए जाएंगे.