Delhi

8 मार्च को दिल्ली को मिलेगा बड़ा मेट्रो तोहफा, पीएम मोदी करेंगे ‘रिंग मेट्रो’ परियोजना की शुरुआत

राजधानी दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए 8 मार्च को बड़ा कदम उठाया जाने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन नई मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ-साथ कई नई लाइनों की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली को देश की पहली “रिंग मेट्रो” मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि तीन अन्य कॉरिडोर की आधारशिला रखी जाएगी। उनका कहना है कि राज्य सरकार राजधानी के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि दिल्ली में रहने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें।

इससे पहले गुरुवार को कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास मॉनेस्ट्री मार्केट क्षेत्र में एक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में देश के अलग-अलग राज्यों के लोग रहते हैं और सरकार सभी समुदायों के सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखती है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भारत की शांति और सह-अस्तित्व की परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा “जियो और जीने दो” और “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना के साथ आगे बढ़ा है। देश ने कभी आक्रामक नीति नहीं अपनाई और यदि हथियार उठाए भी हैं तो केवल आत्मरक्षा के लिए।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से इस फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करेगा। इसे लद्दाख की सांस्कृतिक झलक को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जाएगा, क्योंकि इस इलाके में लंबे समय से लद्दाख के कई परिवार रह रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास के बजाय वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी गई, जिससे कई परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ पाईं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार का लक्ष्य दिल्ली के हर इलाके में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। इस अवसर पर सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, लद्दाख भाजपा के अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।