दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने ऐलान किया है कि 18 दिसंबर से जिन वाहनों के पास प्रदूषण सर्टिफिकेट (PUCC) नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही PUCC न होने पर 7 लाख रुपये से अधिक का चालान भी काटा जाएगा। मंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति अभी “फेयर स्टेज” पर है और पिछले साल के मुकाबले AQI में सुधार हुआ है।
नवंबर महीने में AQI करीब 20 पॉइंट कम किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने कूड़े के पहाड़ों को 15 मीटर तक कम किया है और 202 एकड़ में से 45 एकड़ जमीन साफ की जा चुकी है।
सरकार ने औद्योगिक क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तेज की है। दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए वैज्ञानिकों की एक टीम बनाई गई है, जिसने 12 दिसंबर को पहली बैठक की। इसके अलावा BS-6 से कम मानक वाले वाहनों और निर्माण सामग्री लाने वाले ट्रकों पर भी सख्त कार्रवाई होगी चाहे वे दिल्ली के बाहर से पंजीकृत क्यों न हों।









