Delhi

दिल्ली-NCR में प्रदूषण का गंभीर संकट, AQI 415 के पार

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार सुबह दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स 415 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। दमघोंटू हवा और घने कोहरे के जहरीले मिश्रण से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शहर के 40 निगरानी स्टेशनों में से 27 पर AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि पांच इलाकों में यह 450 के पार पहुंचकर ‘अत्यंत गंभीर’ श्रेणी में चला गया।

घने कोहरे के कारण दृश्यता भी बेहद कम हो गई। पालम इलाके में सुबह दृश्यता सिर्फ 50 मीटर रही, जबकि सफदरजंग में यह 100 मीटर दर्ज की गई। अक्षरधाम मंदिर समेत कई प्रमुख इलाकों में धुंध छाई रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और दिनभर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।