दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में हुए हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी ली थी और दावा किया था कि यह हत्या कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा के लिए की गई। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद इसे आपसी रंजिश का मामला बताया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में दो भाइयों 26 वर्षीय शाकिर और 22 वर्षीय इस्लाम उर्फ बॉर्डर को गिरफ्तार किया। दोनों शास्त्री पार्क के बुलंद मस्जिद इलाके के निवासी हैं। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी पुलिस ने बरामद किया है।
घटना 30-31 दिसंबर 2025 की रात हुई। जेपीसी अस्पताल को सूचना मिली कि चाकू लगने से घायल एक युवक आया है। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। मृतक की पहचान 33 वर्षीय वसीम के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वसीम पर डीडीए पार्क के पास चाकू से हमला किया गया। एसएचओ इंस्पेक्टर मनजीत तोमर की अगुवाई में बनाई गई विशेष जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों के बयान और तकनीकी सबूतों के आधार पर मामले को सुलझाया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई। पुलिस अब मामले की आगे की जांच जारी रखे हुए है।









