Delhi National

दिल्ली: मंत्री प्रवेश वर्मा ने यमुना की सफाई के कार्य का किया निरीक्षण

दिल्ली की भाजपा सरकार यमुना नदी की सफाई को लेकर गंभीर नजर आ रही है. बीजेपी सरकार ने यमुना की सफाई को लेकर एक कार्य योजना तैयार की है,जिस पर काम शुरू हो चुका है. इसी के चलते दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने बुधवार को यमुना की सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया.

उन्होंने यमुना सिग्नेचर ब्रिज से आईटीओ छठ घाट और ओखला बैराज तक सफाई कार्य का निरीक्षण किया. इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए एक वीडियो शेयर किया, उन्होंने लिखा, आज यमुना सिग्नेचर ब्रिज से आईटीओ छठ घाट और ओखला बैराज तक यमुना की सफाई का निरीक्षण किया.

केंद्र सरकार ने ‘यमुना मास्टर प्लान’ का निर्माण किया है, जिसे शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा, ताकि दिल्ली में नदी की सफाई मिशन मोड में की जा सके. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जल शक्ति मंत्रालय ने इस मास्टर प्लान के लिए साबरमती रिवर फ्रंट के निर्माण में विशेषज्ञता रखने वाले सलाहकारों से मार्गदर्शन लिया है और मंत्रालय ने इस संबंध में कुछ बैठकें भी आयोजित की हैं.