Delhi

दिल्ली सरकार ने शुरू की ‘लखपति बिटिया योजना’, जन्म से उच्च शिक्षा तक मिलेगी वित्तीय सुरक्षा

दिल्ली सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए नई पहल करते हुए ‘लखपति बिटिया योजना’ की शुरुआत कर दी है। यह योजना पुरानी ‘लाडली स्कीम’ की जगह लेती है और इसका उद्देश्य दिल्ली में जन्मी लड़कियों को उनके जीवन के विभिन्न चरणों में वित्तीय सहायता प्रदान करना है।

योजना के तहत सरकार जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक की अवधि में कुल ₹61,000 की राशि अलग-अलग किश्तों में प्रदान करेगी, जो समय के साथ निवेश और ब्याज के जरिए लगभग ₹1.20 लाख तक बढ़ जाएगी। यह राशि केवल लड़की के बालिग होने के बाद ही निकाली जा सकेगी।

लड़की के जन्म पर उसे ₹11,000 की पहली सहायता दी जाएगी। इसके बाद स्कूली शिक्षा के विभिन्न स्तरों — कक्षा 1, 6, 9, 11 और 12 — में प्रवेश पर प्रत्येक स्तर पर ₹5,000 की राशि प्रदान की जाएगी। प्रोफेशनल कोर्स या डिप्लोमा के लिए 1 वर्षीय पाठ्यक्रम पर ₹10,000 और 2-3 वर्षीय पाठ्यक्रम पर ₹20,000 तक की मदद मिलेगी। उच्च शिक्षा के लिए चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम में विशेष सहायता के रूप में ₹25,000 तक की राशि उपलब्ध होगी।

योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं। लाभार्थी लड़की का जन्म दिल्ली में होना आवश्यक है, और उसके अभिभावकों को कम से कम तीन साल पहले से दिल्ली का निवासी होना चाहिए। परिवार की वार्षिक आय ₹1.20 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। यह लाभ अधिकतम दो लड़कियों तक ही सीमित रहेगा। इसके अलावा, लड़की को दिल्ली के सरकारी, MCD, NDMC या किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में शिक्षा ग्रहण करनी अनिवार्य है।

यह योजना न केवल वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगी, बल्कि परिवारों और समाज में लड़कियों की महत्वता को बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके माध्यम से दिल्ली सरकार लड़कियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने का प्रयास कर रही है।