दिल्ली सरकार ने राजधानी के जल उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के लंबित बिलों पर लगने वाला लेट पेमेंट सरचार्ज (LPSC) माफी योजना अब इस साल 15 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने लोगों से अपील की कि वे 15 अगस्त का इंतजार न करें और जितना जल्दी हो सके अपने बिल जमा कराएं।
प्रवेश वर्मा ने बताया कि यह बढ़ोतरी पहली और आखिरी बार की जा रही है और इसके लिए मुख्यमंत्री की सहमति भी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने यह साबित कर दिया है कि लोग बिल भरना चाहते हैं, बशर्ते सिस्टम भरोसेमंद हो। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान छोटे घरों में भी अत्यधिक बिल भेजे गए थे, जिन्हें बाद में माफ करने की बातें की जाती थीं।
जल मंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली जल बोर्ड का बिलिंग सॉफ्टवेयर पुराने और खराब स्थिति में था, जिसे अब अपडेट किया जा रहा है। घरेलू कनेक्शनों में से लगभग 3 लाख लोगों ने अब तक अपने बकाया बिल चुका दिए हैं। कुल LPSC राशि करीब 11,011 करोड़ रुपये थी।
सरकार इस दौरान KYC प्रक्रिया पूरी करने और बिलिंग सिस्टम को और बेहतर बनाने की योजना भी बना रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक बिल ऑनलाइन भुगतान करें और सुनिश्चित करें कि उन्हें स्पष्ट और सही बिल मिले। इसके अलावा, लंबी अवधि के लिए घर से बाहर रहने वाले उपभोक्ता अपने कनेक्शन अस्थायी रूप से सस्पेंड करवा सकते हैं। जल मंत्री ने यह भी बताया कि जल लोक अदालत के माध्यम से ज्यादा बिल वाले मामलों का समाधान किया जाएगा और कमर्शियल कस्टमर्स के लिए भी जल्द ही 100 प्रतिशत LPSC माफी योजना लागू की जाएगी।









