Delhi

दिल्ली सरकार का एक साल पूरा, CM रेखा गुप्ता 8 फरवरी को रामलीला मैदान में करेंगी बड़ी घोषणाएँ

दिल्ली सरकार अपने एक साल पूरे होने का जश्न 8 फरवरी 2026 को रामलीला मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के साथ मना रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूरी कैबिनेट और सरकार के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे।

इस आयोजन का मकसद न केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने पेश करना है, बल्कि भविष्य की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी देना है। सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम में 500 नई ई-बसों के संचालन की घोषणा की जा सकती है, जिससे राजधानी में सार्वजनिक परिवहन और अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल बने। इसके अलावा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और शहरी सुविधाओं से जुड़ी नई और महत्वाकांक्षी योजनाएँ भी पेश की जा सकती हैं।

जनभागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए सभी बीजेपी विधायक और सांसद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रत्येक कैबिनेट मंत्री को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है ताकि स्थानीय स्तर पर जनता से संवाद और फीडबैक लिया जा सके। दिल्ली की सभी विधानसभा सीटों पर भी इस अवसर पर छोटे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

याद रहे कि एक साल पहले यानी 8 फरवरी 2025 को हुई दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत के साथ जीत हासिल की थी। 70 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी ने 48 सीटें जीती थीं, जबकि आम आदमी पार्टी की सीटें 62 से घटकर 22 रह गई थीं।

इससे पहले, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर विधायक दल की बैठक में एक साल की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। सरकार इस मंच के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि पिछले एक साल में किए गए वादों को धरातल पर उतारा गया है और भविष्य में विकास की गति और तेज होगी।