Delhi

दिल्ली को मिले 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अब घर के पास मिलेगा मुफ्त इलाज और जांच

दिल्ली सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी में 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए हैं। पश्चिमी दिल्ली के नांगल राया से इन केंद्रों का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर विधानसभा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में आरोग्य मंदिर खोलना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। इन 81 केंद्रों के जुड़ने से दिल्ली में कुल आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की संख्या 319 हो गई है, जबकि आने वाले समय में 1100 से अधिक केंद्र खोलने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ये आरोग्य मंदिर “मिनी अस्पताल” की तरह काम करेंगे, जहां मरीजों को मुफ्त दवाइयों के साथ करीब 80 प्रकार की जांच सुविधाएं मिलेंगी। इनमें सामान्य रक्त परीक्षण से लेकर अन्य बुनियादी डायग्नोस्टिक टेस्ट शामिल हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों का टीकाकरण और परिवार नियोजन से जुड़ी सेवाएं भी इन केंद्रों में उपलब्ध होंगी। गंभीर स्थिति में मरीजों के लिए इमरजेंसी सुविधा और जरूरत पड़ने पर बड़े अस्पतालों में रेफरल की व्यवस्था भी की गई है।

सरकार के अनुसार, इन केंद्रों में इलाज के लिए आने वाले व्यक्ति को सबसे पहले पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद डॉक्टर परामर्श के आधार पर जरूरी जांच और दवाइयां लिखेंगे। अधिकांश जांचें केंद्र पर ही होती हैं, जबकि कुछ सैंपल बाहर भेजे जाते हैं, जिनकी रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर उपलब्ध करा दी जाती है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे को आधुनिक बनाया जा रहा है। डिजिटलीकरण, नई मशीनों की स्थापना और अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार पर काम जारी है। सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को उसके घर के पास ही सुलभ, भरोसेमंद और मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा मिल सके।