उत्तर भारत में ठंड के साथ घना कोहरा राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में दिक्कतें पैदा कर रहा है। दिल्ली में दिन में अंधेरा छा गया और कई जगह विजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे गिर गई। सुबह सात बजे के बाद कोहरा और गहरा गया है, जिससे रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी हालात लगभग समान हैं। हालांकि, दिल्ली को कुछ राहत मिली है, जहां अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने घने कोहरे और विजिबिलिटी घटने को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तरी भारत में शीतलहर लगातार जारी है; पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम रहा, जबकि कश्मीर की डल झील जम गई।









