Crime Delhi

दिल्ली बम धमाका मामला: आत्मघाती हमले की कसम खाने वाला सुसाइड बॉम्बर यासिर डार अरेस्ट, 26 दिसंबर तक हिरासत

दिल्ली बम धमाके के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने जम्मू-कश्मीर के एक निवासी को गिरफ्तार किया है, जो इस केस में नौवां आरोपी है। एनआईए के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आत्मघाती हमलावर उमर-उन-नबी का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (विशेष एनआईए न्यायाधीश) अंजू बजाज चंदना ने आरोपी को 26 दिसंबर तक एनआईए की हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

इस बीच, अदालत ने इस मामले में पहले से गिरफ्तार दो अन्य आरोपियों डॉ. बिलाल नासिर मल्ला और शोएब की हिरासत भी 19 दिसंबर तक बढ़ा दी है। यह सुनवाई बंद कमरे में हुई। गौरतलब है कि 10 नवंबर को दिल्ली में हुए भीषण विस्फोट में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। यह धमाका एक हुंडई i20 कार में हुआ था, जिसे कथित आत्मघाती हमलावर उमर-उन-नबी चला रहा था। फोरेंसिक जांच में पुष्टि हुई कि कार में विस्फोटक लगा हुआ था।

एनआईए के अनुसार, उमर-उन-नबी पुलवामा जिले का निवासी था और फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय में जनरल मेडिसिन विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत था। एजेंसी ने उससे जुड़े एक अन्य वाहन को भी जब्त किया है। मामले की जांच अब देशव्यापी स्तर पर जारी है। एनआईए अब तक 73 गवाहों से पूछताछ कर चुकी है। जांच में दिल्ली पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, हरियाणा, उत्तर प्रदेश पुलिस सहित कई केंद्रीय और राज्य एजेंसियां सहयोग कर रही हैं।