Delhi Technology

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ा सुधार: हर गेट पर Hydraulic रोड़ ब्लॉकर

हालिया सुरक्षा चूक के बाद दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ करने की दिशा में सख्त कदम उठाए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उच्च स्तरीय बैठक में स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गृह मंत्रालय, दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, खुफिया ब्यूरो, यातायात पुलिस और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विस्तृत जांच की गई। अध्यक्ष ने सभी प्रवेश द्वारों पर हाइड्रोलिक रोड ब्लॉकर लगाने का आदेश दिया है ताकि अनधिकृत वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकी जा सके। साथ ही, हर गेट पर कम से कम दो सशस्त्र और प्रशिक्षित जवानों की तैनाती अनिवार्य की गई है, जिनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय होंगी।

इसके अलावा, सुरक्षा को और सक्रिय बनाने के लिए विधानसभा परिसर में मोबाइल गश्ती वाहन तैनात किया जाएगा। अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि सुरक्षा केवल स्थिर व्यवस्था पर निर्भर नहीं रह सकती, बल्कि इसे हर परिस्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने में सक्षम होना चाहिए। विजेंद्र गुप्ता ने यह भी निर्देश दिया कि सभी प्रवेश द्वारों और बुनियादी ढांचे को इस तरह मजबूत किया जाए कि किसी भी प्रकार की जबरन घुसपैठ को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में बेहतर समन्वय, जवाबदेही और सतर्कता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।