दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने आज तारीखों की घोषणा कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में चुनाव एक ही चरण में संपन्न होंगे। मतदान की तारीख 5 फरवरी तय की गई है, जबकि नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को की जाएगी। इसके साथ ही दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
दिल्ली विधानसभा की कुल 70 सीटों के लिए यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच होगा। हालांकि, कांग्रेस भी इस बार पूरी तैयारी और ताकत के साथ मैदान में उतरने जा रही है।
दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है। उससे पहले नई विधानसभा के गठन के लिए यह चुनाव आयोजित किया जा रहा है। परंपरा के अनुसार, दिल्ली में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में होते हैं।
आप की नजर हैट्रिक पर
भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी आप के लिए यह चुनाव अपनी राजनीतिक साख बचाने का मौका होगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप ने 2015 में 67 और 2020 में 62 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इस बार पार्टी का लक्ष्य तीसरी बार सत्ता में वापसी करना है।
दिल्ली के इस चुनावी दंगल में राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला बेहद रोचक होने की उम्मीद है।
[wjhatsapp]