National

दिल्ली और उत्तर भारत में मार्च की शुरुआत में 50 साल का तापमान रिकॉर्ड टूटा

राजधानी दिल्ली में इस बार मार्च की शुरुआत में ही रिकॉर्ड गर्मी देखने को मिली है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया, जो पिछले 50 सालों में इस महीने के पहले सप्ताह का सबसे उच्चतम तापमान है। इससे पहले 5 मार्च 1999 को 34.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का अनुमान है।

उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी गर्मी सामान्य से कई डिग्री ऊपर है। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पारा सामान्य से 4 से 8 डिग्री ज्यादा चल रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है और कुछ हिस्सों में लू (Heatwave) का खतरा भी है।

हालांकि 9 से 12 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दिल्ली, यूपी और आसपास के इलाकों में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। इससे तापमान में कुछ राहत मिलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत कई जिलों में पारा सामान्य से 3 से 7 डिग्री अधिक है, लेकिन 9 और 10 मार्च को तेज हवाओं और हल्की बारिश के चलते उमस भरी गर्मी थोड़ी कम हो सकती है।

इसके अलावा पहाड़ी इलाकों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है। मैदानी इलाकों में लू जारी रह सकती है। ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में 9 से 11 मार्च के बीच तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर अगले कुछ दिन उत्तर और पूर्वी भारत में तापमान और मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा।