दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में 20 वर्षीय छात्रा पर हुए कथित एसिड अटैक मामले का चौंकाने वाला सच सामने आया है। जिस घटना ने पूरे शहर को हिला दिया था, वह दरअसल एक सुनियोजित साजिश निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि छात्रा के पिता अकील खान ने ही यह पूरा नाटक रचा था। उसे संगम विहार से गिरफ्तार किया गया, जहां उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि हमला असली नहीं था, बल्कि उसने अपने दुश्मन जितेंद्र को फंसाने के लिए यह कहानी बनाई थी।
अकील का जितेंद्र और उसकी पत्नी से पुराना झगड़ा था। उसने अपनी बेटी से झूठी शिकायत दर्ज करवाई कि तीन युवकों ने मोटरसाइकिल से उस पर एसिड फेंका। लेकिन पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से साबित हो गया कि जितेंद्र घटना के वक्त मौके पर था ही नहीं।
फॉरेंसिक जांच में भी बड़ा खुलासा हुआ — छात्रा पर एसिड नहीं बल्कि टॉयलेट क्लीनर डाला गया था। अकील के फोन से जितेंद्र की पत्नी की अश्लील तस्वीरें और वीडियो मिले, जिनसे वह ब्लैकमेल कर रहा था। बाद में जितेंद्र की पत्नी ने भी अकील पर शिकायत दर्ज करवाई। स्पेशल सीपी रवींद्र यादव ने बताया कि यह मामला अब फर्जी एसिड अटैक केस के रूप में दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह एक योजनाबद्ध साजिश थी और दोषी पाए जाने पर पिता और बेटी दोनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









