उत्तराखंड में केदारनाथ धाम की यात्रा को बुधवार सुबह चार घंटे के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गए हैं, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे (सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग) पर मुनकटिया के पास कई बार मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाएं हुईं। सुबह लगभग 6:30 बजे भारी भूस्खलन हुआ, जिसके बाद एनएच विभाग की मशीनों द्वारा मार्ग को साफ करने का कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद सुबह 8:30 बजे मार्ग आंशिक रूप से खोल दिया गया और तीर्थयात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।
हालांकि, कुछ ही देर बाद फिर से मुनकटिया की पहाड़ी से मलबा गिरना शुरू हो गया, जिससे मार्ग पर आवाजाही खतरनाक हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यात्रा को पुनः चार घंटे के लिए स्थगित कर दिया और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मार्ग को जल्द ही पुनः सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
