Lifestyle

हार्ट अटैक और स्ट्रोक से मौतों में आई गिरावट, नई रिसर्च में बड़ा खुलासा

कोरोना महामारी के बाद दुनियाभर में हृदय रोग और स्ट्रोक से होने वाली मौतों में तेज़ी देखी गई थी, लेकिन अब एक नई रिसर्च ने राहत भरी खबर दी है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की 2026 ‘हार्ट डिजीज एंड स्ट्रोक स्टैटिस्टिक्स’ रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में वर्ष 2023 के दौरान हृदय रोगों से होने वाली मौतों में 2022 की तुलना में कमी दर्ज की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में अमेरिका में हृदय रोग, स्ट्रोक, हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट फेलियर सहित हृदय संबंधी बीमारियों से करीब 9 लाख 15 हजार लोगों की मौत हुई, जो पिछले वर्ष से कम है। औसतन हर 34 सेकंड में एक व्यक्ति की मौत दिल की बीमारी से और हर 3 मिनट 14 सेकंड में एक मौत स्ट्रोक से हुई। हालांकि, रिपोर्ट यह भी चेतावनी देती है कि 25 से 34 वर्ष के युवाओं और 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों में स्ट्रोक से मौत के मामले बढ़ रहे हैं, जो चिंता का विषय है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और मोटापा इसके प्रमुख कारण बने हुए हैं। अमेरिका में लगभग आधे वयस्क किसी न किसी हृदय रोग से ग्रसित हैं, जबकि बच्चों और किशोरों में बढ़ता मोटापा भविष्य के लिए खतरे की घंटी है। स्टडी में यह भी बताया गया है कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू से दूरी, पर्याप्त नींद और वजन नियंत्रण जैसे लाइफस्टाइल बदलाव हार्ट अटैक और स्ट्रोक के खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं।