Rajasthan West Bengal

गोवा, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची संशोधन की समय-सीमा बढ़ी

निर्वाचन आयोग (ECI) ने पुडुचेरी, गोवा, लक्षद्वीप, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची (Voter List) के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब योग्य मतदाता 19 जनवरी, 2026 तक अपने नाम जोड़ने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।चुनाव आयोग ने यह कदम मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की मांग और आवश्यक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उठाया है, ताकि सभी योग्य मतदाता सूची में शामिल हो सकें।

पहले यह समय-सीमा 27 दिसंबर, 2025 के पत्र में तय की गई थी, जिसमें एक जनवरी, 2026 को योग्यता तिथि बताई गई थी। निर्वाचन आयोग ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस बढ़ाई गई समय-सीमा की जानकारी मीडिया, BLO, चुनाव आयोग के पोर्टल, ईसीआईनेट एप और अन्य सभी उपलब्ध माध्यमों से व्यापक रूप से प्रचारित करें। सभी अधिकारियों से कहा गया है कि वे संशोधित समय-सारणी का कड़ाई से पालन करें, ताकि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।