Madhya Pradesh

दतला पहाड़ बनेगा अंतरराष्ट्रीय टूरिज्म हब, 100 करोड़ से विकसित होंगे वेलनेस और एडवेंचर सुविधाएं

मध्य प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड खजुराहो के पास दतला पहाड़ को अंतरराष्ट्रीय मल्टी-टूरिज्म और वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 70 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है और लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है। योजना को डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (DBFOT) मॉडल के तहत लागू किया जाएगा। परियोजना के तहत वेलनेस रिसॉर्ट, ईको-फ्रेंडली कॉटेज, योग एवं ध्यान केंद्र, ट्रेकिंग ट्रेल्स, एडवेंचर टूरिज्म और नेचर वॉक जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य पर्यटकों को प्रकृति के बीच शांत और आधुनिक अनुभव प्रदान करना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना खजुराहो, ओरछा और पन्ना टाइगर रिजर्व को जोड़ते हुए एक नया पर्यटन कॉरिडोर तैयार करेगी और प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर अलग पहचान बनाएगी। इसके साथ ही स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी सेवाएं, हस्तशिल्प व्यवसाय और ग्रामीण रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। दतला पहाड़, खजुराहो मंदिर समूह से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और प्राकृतिक सुंदरता के साथ धार्मिक महत्व भी रखता है। यहां की ट्रेकिंग ट्रेल्स, नेचर वॉक और सूर्यास्त के दृश्य पहले से ही पर्यटकों को आकर्षित करते रहे हैं। परियोजना पूरी होने के बाद छतरपुर जिले को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन में नई पहचान मिलेगी।