चक्रवात ‘दित्वा’ ने तमिलनाडु और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी तबाही मचाई है। इसके प्रभाव से चेन्नई, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम में हालात अब भी सामान्य नहीं हुए हैं। लगातार बारिश और जलभराव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार देर रात सभी स्कूलों और कॉलेजों को एक दिन के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया। अधिकारियों का कहना है कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री के. एस. एस. आर. रामचंद्रन ने बताया कि बारिश और संबंधित हादसों में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है।
चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को लगातार हुई भारी बारिश से कई सड़कें, हाईवे और निचले इलाके पानी में डूब गए। कई रिहायशी कॉलोनियों में भी पानी भरने से लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो गया। वेलाचेरी की एजीएस कॉलोनी में भी जलभराव हुआ, वहीं एक कार बह गई और पूनमल्ली में अचानक पानी बढ़ने से एक सरकारी बस फंस गई। काथीपारा फ्लाईओवर समेत कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चक्रवात दित्वा के असर से चेन्नई और तिरुवल्लूर में मंगलवार सुबह तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश जारी रह सकती है।









