World

तूफान दित्वाह राहत: भारत ने श्रीलंका के लिए 450 मिलियन डॉलर का पुनर्निर्माण पैकेज किया ऐलान

भारत ने श्रीलंका में तूफान दित्वाह से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 450 मिलियन अमेरिकी डॉलर का पुनर्निर्माण पैकेज घोषित किया है। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूत के रूप में श्रीलंका पहुंचे और राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके को पीएम मोदी की चिट्ठी सौंपते हुए यह घोषणा की। जयशंकर ने बताया कि इस पैकेज में 350 मिलियन डॉलर की कंसेशनल लाइन ऑफ क्रेडिट और 100 मिलियन डॉलर की ग्रांट शामिल है।

उन्होंने कहा कि यह कदम भारत की “पड़ोसी पहले” और “महासागर नीति” के अनुरूप लिया गया, ताकि संकट के समय पड़ोसी देश के साथ खड़ा रहना स्वाभाविक हो। विदेश मंत्री ने विस्तार से बताया कि भारत ने आपदा राहत में व्यापक मदद की। कोलंबो में आईएनएस विक्रांत और आईएनएस उदयगिरी से राहत सामग्री पहुंचाई गई, भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टर दो सप्ताह तक ऑपरेशन में सक्रिय रहे। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 80 सदस्यों की टीम ने बचाव और राहत कार्य किए।

इसके अलावा, कैंडी में 85 मेडिकल स्टाफ के साथ फील्ड हॉस्पिटल स्थापित किया गया, जिससे 8,000 से अधिक लोगों को इमरजेंसी केयर मिली। दो मॉड्यूलर इमरजेंसी केयर यूनिट एयरलिफ्ट कर श्रीलंका में तैनात की गईं। भारत ने कुल मिलाकर 1,100 टन राहत सामग्री, 14.5 टन दवाइयां और मेडिकल सामान, और 60 टन अतिरिक्त राहत सामग्री भेजी। जयशंकर ने भरोसा दिलाया कि भारत पहले से मजबूत तरीके से श्रीलंका के साथ खड़ा है और विश्वास जताया कि श्रीलंका इस मुश्किल से जल्द उभरने में सफल होगा।