World

साइबर अटैक से यूरोप के एयरपोर्ट्स पर हड़कंप, कई उड़ानें रद्द, यात्रियों को भारी दिक्कत

शनिवार को यूरोप के कई बड़े एयरपोर्ट्स पर साइबर अटैक के चलते अफरा-तफरी मच गई. लंदन का हीथ्रो, बेल्जियम का ब्रुसेल्स और जर्मनी का बर्लिन एयरपोर्ट इस साइबर हमले से प्रभावित हुए. हमले का निशाना एक अमेरिकी कंपनी कोलिन्स एयरोस्पेस बनी, जो चेक-इन और बोर्डिंग से जुड़ी तकनीक उपलब्ध कराती है.

इस हमले के कारण चेक-इन और बोर्डिंग सिस्टम ठप हो गया, जिससे कई फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं और कुछ उड़ानों में काफी देरी हुई. हजारों यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट्स ने यात्रियों से अपील की है कि वे फ्लाइट स्टेटस की जानकारी पहले से ऑनलाइन चेक करें. ब्रुसेल्स एयरपोर्ट ने बताया कि अब मैन्युअल चेक-इन की व्यवस्था की जा रही है. बर्लिन एयरपोर्ट प्रशासन को तो सिस्टम का कनेक्शन ही हटाना पड़ा. लंदन हीथ्रो ने इसे तकनीकी खराबी बताया लेकिन माना कि इससे चेक-इन प्रक्रिया पर असर पड़ा है.

कोलिन्स एयरोस्पेस का कहना है कि वे खुद सीधे यात्रियों को चेक-इन की सुविधा नहीं देते, लेकिन उनकी तकनीक से एयरपोर्ट कियोस्क और बैग टैग सिस्टम चलता है. इस वजह से चेक-इन और बैगेज से जुड़ी सेवाएं बंद हो गईं. फ्रांस ने कहा कि उनके पेरिस एयरपोर्ट्स पर कोई असर नहीं पड़ा है. एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगी है.