ईरान में बढ़ते विद्रोह और संभावित अमेरिकी हमले के बीच भारत ने वहां फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकलने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत कर आश्वासन लिया कि ईरान में रह रहे छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस समय वहां करीब 10 हजार भारतीय मौजूद हैं, जिनमें छात्र, व्यापारी और पर्यटक शामिल हैं। भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी कर लोगों से सुरक्षित मार्गों के जरिए वहां से निकलने की अपील की है। केंद्र सरकार ने एक विशेष ऑपरेशन की योजना बनाई है ताकि किसी भी संकट की स्थिति में भारतीयों को तत्काल सुरक्षित वापस लाया जा सके।









