Technology

स्वास्थ्य कारणों से Crew-11 मिशन समय से पहले खत्म, चारों अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित लौटे

अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के इतिहास में पहली बार किसी मिशन को अंतरिक्ष यात्री की मेडिकल स्थिति के कारण समय से पहले समाप्त किया गया। स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन कैप्सूल के जरिए चार अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट आए। स्प्लैशडाउन 15 जनवरी को सुबह 3:41 बजे ईएसटी, प्रशांत महासागर में San Diego के तट के पास सफल रहा। यह लैंडिंग अंतरिक्ष स्टेशन से अनडॉक होने के करीब 10.5 घंटे बाद हुई।

इस मिशन में शामिल थे: नासा के माइक फिन्के और जेना कार्डमैन, जापान के किमिया यूई और रूस के ओलेग प्लातोनोव। यह Crew-11 मिशन SpaceX और NASA के तहत संचालित हुआ। नासा ने बताया कि मिशन को लगभग एक महीने और लंबा होना था, लेकिन 7 जनवरी को एक अंतरिक्ष यात्री की मेडिकल समस्या के कारण स्पेसवॉक रद्द कर दिया गया। अगले दिन नासा ने मिशन को समय से पहले समाप्त करने का फैसला लिया। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि यह कोई आपात स्थिति नहीं थी, बल्कि बेहतर जांच और उपचार के लिए यह निर्णय लिया गया।

Crew-11 मिशन कुल 167 दिनों का रहा, जिसमें से 165 दिन ISS पर बिताए गए। यह जेना कार्डमैन और ओलेग प्लातोनोव की पहली उड़ान थी, जबकि किमिया यूई की दूसरी और माइक फिन्के की चौथी अंतरिक्ष यात्रा थी। Crew-11 की वापसी के बाद ISS पर अब सिर्फ तीन अंतरिक्ष यात्री मौजूद हैं। अगले मिशन Crew-12 को 15 फरवरी को लॉन्च किया जाएगा।