सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली. राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे.
शपथ समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी नजर आए, जो इस्तीफे के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से इस कार्यक्रम में शामिल हुए. समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, चिराग पासवान, दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और कई राज्यों के मुख्यमंत्री जैसे एन. चंद्रबाबू नायडू, एकनाथ शिंदे और पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए.
हालांकि, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके. बताया गया कि वे गुजरात दौरे पर थे, जिसके चलते शपथ ग्रहण में उनकी अनुपस्थिति रही. उपराष्ट्रपति पद संभालने से पहले सीपी राधाकृष्णन महाराष्ट्र के राज्यपाल थे. उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद उन्होंने गुरुवार को राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया. राष्ट्रपति कार्यालय ने जानकारी दी कि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.









